गुरुग्राम। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधीर परमार की कोर्ट ने बृहस्पतिवार को सुनवाई के बाद न्यायाधीश कृष्णकांत की पत्नी व बेटे की हत्या मामले में गनर महिपाल को दोषी करार दिया है। 13 अक्टूबर 2018 को गुरुग्राम में हुए इस हत्याकांड से पूरा देश सन्न रह गया था। संभवत हरियाणा के इतिहास का यह पहला मामला था जिस मामले में लोगों ने खुद सामने आकर की गवाही दी। इस हत्याकांड में 81 लोगों ने अपने नाम गवाही के रूप में दर्ज कराए थे। इनमें से 67 लोगों की गवाही कराई गई। 1 साल के भीतर गवाही की प्रक्रिया पूरी हो गई।
बता दें कि सुनवाई के दौरान जिला उप न्यायवादी अनुराग हुड्डा ने दलील पेश की थी कि रिवाल्वर से अचानक फायर नहीं हो सकता। दो गोली ध्रुव को और दो गोली उनकी मां को लगी थी, यह अचानक नहीं हो सकता।
सुनवाई के दौरान 16 दिसंबर 2019 को महिपाल का भी पक्ष लिखा गया। उसने कहा कि कार में पेंटिंग रखने के दौरान उसे चोट लग गई थी। इससे नाराज ध्रुव ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी थीं। फिर कार की चाबी मांगी। मना करने पर दोनों में गुथगुथ्था हो गई। उसी दौरान ध्रुव ने रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया, जिसकी वजह से फायरिंग हो गई। वहीं, डाइंग डिक्लेरेशन (मृत्युकालिक कथन) में मृत्यु से पहले न्यायाधीश कृष्णकांत को उनकी पत्नी रितु ने पार्क अस्पताल में बताया था कि वे लोग पेंटिंग का फ्रेम चढ़वाने पहुंचे थे। कुछ ही देर में फ्रेम चढ़वाकर वे पहुंचे। कार में रखने के दौरान पेंटिंग में चोट लग गई। इस पर ध्रुव ने महिपाल से चाबी मांगी। इतनी सी बात पर वह तैश में आ गया और गोलियां चला दीं।
बता दें कि 13 अक्टूबर 2018 को मूल रूप से हिसार निवासी व जिले के तत्कालीन अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत (वर्तमान में अंबाला में कार्यरत) की पत्नी रितु एवं उनके बड़े बेटे ध्रुव सेक्टर-49 स्थित आर्केडिया शॉपिंग काॅम्प्लेक्स में मार्केटिंग करने पहुंचे थे। दोनों के ऊपर काॅम्प्लेक्स से बाहर आते ही गनमैन (अब बर्खास्त) महिपाल ने गोलियां चला दी थीं। दोनों को दो-दो गोलियां मारी गई थीं। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से बाद में उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया था।13 अक्टूबर को मामला तकरीबन तीन बजे गनर महिपाल ने उस समय जज कृष्णकांत की पत्नी रितु और बेटे ध्रुव की गोली मार दी थी, जब दोनों गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित साउथ सिटी स्थित आर्केडिया मार्केट गए थे। घटनाक्रम के मुताबिक, दोनों खरीदारी कर मार्केट से निकले तो गनर महिपाल साथ में था। इस दौरान बाहर निकलते ही ध्रुव ने महिपाल से कार लाने के लिए कहा। इस पर ध्रुव और महिपाल में बहस हो गई। इस बीच गुस्साए महिपाल ने दोनों को गोली मार दी। जज की पत्नी रितु की मौत हो गई, जबकि ध्रुव ने कुछ दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया।